कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 4 जनवरी। केशकाल विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंगनपुर के धान खरीदी केंद्र में 1 जनवरी तक 19,488 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।
खरीदी तो सुचारू रूप से चल रही है लेकिन मिलर्स द्वारा धान का उठाव नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण लेम्प्स में कई दिनों से धान जाम पड़ा हुआ है।
चूंकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की है, ऐसे में लेम्प्स प्रभारियों को धान के भीगने का डर भी सताने लगा है। हालांकि लेम्प्स के पदाधिकारियों ने बारिश से धान को बचाने के लिए त्रिपाल की व्यवस्था जरूर की है, लेकिन यह त्रिपाल ज्यादा देर तक पानी रोकने में कामयाब नहीं होगा। ऐसे में किसानों की मेहनत और सरकार के पैसों पर पानी फिरने की आशंका बन सकती हैं।
ज्ञात हो कि सिंगनपुर लेम्प्स में कुल पंजीकृत किसानों की संख्या 873 है, जिनके लिए धान खरीदी सत्र 2021-22 हेतु अनुमानित लक्ष्य 37,000 क्विंटल रखा गया है। यहां 1 जनवरी तक 428 किसानों से 19,488 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है, जिसमें से केवल 3060 क्विंटल धान का उठाव हुआ है, जबकि शेष 16,428 क्विंटल धान खुले आसमान के नीचे पड़ा हुआ है।
लेम्प्स के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि जल्द से जल्द धान का उठाव नहीं किया जाता है तो बारिश होने पर धान के भीगने की संभावना बन सकती है। साथ ही बारदाने एवं स्थान के अभाव में धान खरीदी प्रभावित भी हो सकती है।
इस बारे में जानकारी देते हुए कोंडागांव डीएमओ रविकांत नेताम ने बताया कि केशकाल विकासखंड के धान उपार्जन केंद्रों में खरीदे गए धान का परिवहन विश्रामपुरी के संग्रहण केंद्र में किया जाता था। चूंकि विश्रामपुरी का संग्रहण केंद्र अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है। इस कारण धान का उठाव नहीं हो पा रहा है। इसके लिए वैकल्पिक सुविधा फरसगांव के धान संग्रहण केंद्र में करने हेतु प्रस्ताव बनाया गया है। आगामी 2-3 दिनों के भीतर केशकाल के समस्त धान खरीदी केंद्रों में उठाव शुरू कर दिया जाएगा।


