कोण्डागांव

अंग्रेजी माध्यम स्कूल के 12वीं के बच्चों को प्रमुख सचिव ने पढ़ाया रसायन विज्ञान
09-Sep-2021 9:43 PM
अंग्रेजी माध्यम स्कूल के 12वीं के बच्चों को प्रमुख सचिव ने पढ़ाया रसायन विज्ञान

 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 9 सितंबर। शिक्षा विभाग तथा लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव डॉ आलोक शुक्ला ने कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा के साथ स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, उड़ान आजीविका केन्द्र, शिल्पनगरी, लाईवलीहुड कॉलेज, जिला रोजगार एवं मार्गदर्शन केन्द्र तथा शासकीय कन्या शाला का निरीक्षण किया। इस दौरान सर्वप्रथम वे उड़ान आजीविका केन्द्र पहुंचे। यहां उन्होंने कोल्ड प्रेस नारियल तेल निर्माण, चप्पल निर्माण, रागी कुकीज निर्माण, दोना-पत्तल निर्माण, बस्तर हल्दी एवं अन्य मसालों तथा अनाजों की पैकेजिंग को देखा। यहां बन रहे कुकीज को खाकर उन्होंने इसकी उच्च गुणवत्ता एवं स्वाद की सराहना की साथ ही उन्होंने उड़ान महिला कृषक प्रोड्यूसर कम्पनी के सदस्यों से चर्चा भी की एवं निर्माण के संबंध में जानकारी ली।

इसके पश्चात प्रमुख सचिव शासकीय स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल जामकोट पारा पहुंचे। जहां उन्होंने स्कूल की कक्षाओं में रोचक शैक्षणिक चित्रों, इंटरेक्टिव लर्निंग एवं सर्व सुविधा युक्त प्रयोगशालाओं के द्वारा बनाये गये उपयुक्त शैक्षणिक वातावरण की प्रसंशा करते हुए सभी कक्षाओं का अवलोकन किया। इस दौरान वे रसायन विज्ञान की प्रयोगशाला में पहुंचे। जहां कक्षा 12वीं के छात्र छात्राएं रसायनिक प्रयोग सिख रहे थे। यहां उपस्थित बच्चों के पास जाकर प्रमुख सचिव द्वारा रसायनिक द्रव्यों के गुण एवं उनके प्रयोगों के संबंध में प्रश्न पुछे जिस पर बच्चों द्वारा सही जवाब दिये जाने पर बच्चों का प्रोत्साहन किया गया। पिरीयोडिक टेबल के संबंध में उनके द्वारा प्रश्न पुछे जाने पर बच्चों द्वारा आत्मविश्वास पूर्वक सही जवाब नहीं देने पर प्रमुख सचिव ने स्वयं चॉक लेकर ब्लैक बोर्ड पर बच्चों को वैलेंसी थ्योरी का पाठ पढ़ाते हुए इलेक्ट्रॉनिक विन्यास की बच्चों को जानकारी दी गयी एवं प्रयोगशाला उपकरणों के प्रयोग के संबंध में बताया गया।

 जिला के शाला अवलोकन के दौरान कोण्डागांव के मढ़ानार पहुंचे प्रमुख सचिव को शासकीय शाला मड़ानार के बच्चों के द्वारा बनाए गए काष्ठ शिल्प से निर्मित नाम पट्टिका एवं राष्ट्रगान कलाकृति उनके शिक्षक शिवचरण द्वारा स्मृति स्वरूप में भेंट किया गया।


अन्य पोस्ट