कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 5 सितंबर। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में केशकाल विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत दो शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया है, जिसमें केशकाल शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य राकेश विश्वकर्मा व सुरडोंगर उ.मा.वि के प्राचार्य रामगोपाल ठाकुर शामिल हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों व उपलब्धियों को देखते हुए रविवार को राजधानी में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल अनुसुईया उइके व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शॉल-श्रीफल व प्रशस्ति पत्र देकर दोनों शिक्षकों को सम्मानित किया है। क्षेत्रवासियों ने इस सम्मान के लिए दोनों प्राचार्यों को बधाई दी है।
केशकाल विकासखंड के शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान मिलने से पूरे क्षेत्रवासियों में हर्ष व्याप्त है। सभी लोगों ने प्राचार्य राकेश विश्वकर्मा व प्राचार्य रामगोपाल ठाकुर को बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
ज्ञात हो कि शासकीय बालक उ.मा.वि. के प्राचार्य विश्वकर्मा ने विगत 24 सितम्बर 1988 को उन्होंने शिक्षा विभाग में सेवा की शुरुआत किया था। ततपश्चात 8 अक्टूबर 2008 में वह प्राध्यापक बने थे। 4 सितंबर 2009 में उन्हें व्याख्याता के रूप में पदोन्नति मिली थी। तथा 20 अगस्त 2013 से आज दिनांक तक प्रभारी प्राचार्य के रूप में वह अपनी सेवा दे रहे हैं। ठीक इसी प्रकार से सुरडोंगर उ.मा.वि. के प्राचार्य रामगोपाल ठाकुर ने सर्वप्रथम 26 फरवरी 1984 में सहायक शिक्षक के रूप में अपनी सेवा की शुरुआत की थी। ततपश्चात वह अक्टूबर 2008 उच्च श्रेणी शिक्षक व दिसम्बर 2014 में व्याख्याता बने। तथा वर्ष 2018 आज दिनांक तक ठाकुर प्रभारी प्राचार्य के पद पर पदस्थ हैं।
लम्बे समय से शिक्षा विभाग में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने व विभिन्न प्राथमिक/माध्यमिक स्कूलों में अपनी सेवा देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य हेतु मार्गदर्शन देने के फलस्वरूप उनके उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए राज्य सरकार ने उन्हें शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में राज्य शिक्षक सम्मान से पुरस्कृत किया है।