खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 17 दिसंबर। प्रदेश महामंत्रीभाजपा विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार दिशाहीन हो चली है। जन घोषणा पत्र के वादे पूरा न करने से जनता में प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रोश है। कांग्रेस नेता द्वारा चुनाव पूर्व गंगाजल लेकर पूर्णत: शराब बंद करने की कसम खाने वाले बताएं क्या प्रदेश में शराब बंदी लागू हो गया है।
विजयशर्मा ने कांग्रेस सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने पर उक्त बातें प्रेस वार्ता में कही, उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शांति का टापू कहलाता था, लेकिन अब प्रतिदिन अपराध हो रहे हैं। गोली चलने की घटनाएं हो रही है। प्रदेश अपराध दल के रूप में तब्दील हो रहा है। जिससे जनता में आक्रोश है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से प्रदेश में बनने वाली एक लाख से अधिक गरीबों का आशियाना नहीं बना पाया।
उन्होंने कहा, महिला समूह का कर्जा माफ करने की बात कही थी, लेकिन ठीक उलट उनसे रेडी-टू-ईट का काम ही छीन कर एक कंपनी को दे दिया है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, शहर मंडल अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, विकेश गुप्ता, विनय देवांगन तथा अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।


