खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 17 दिसंबर। ब्लॉक के ग्राम पंचायत सर्रागोंदी के आश्रित ग्राम मुस्का में शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम एवं शीतला मंच निर्माण का भूमिपूजन विधिवत पूजा-अर्चना के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. शैलेन्द्र त्रिपाठी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत सभापति शैलेन्द्र मिश्रा उपस्थित रहे।
पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा तथा शीतला मंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन सम्पन्न हुआ। ग्रामीणों ने इस धार्मिक और विकासात्मक आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या उपस्थित रही, जिन्होंने नए मंच और मंदिर के पूर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार कार्य कर रही है, जिससे योजनाओं का लाभ तीव्र गति से प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ में किसानों से धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर खरीदी की जा रही है, जिससे किसानों को आर्थिक मजबूती मिली है। श्री सिंह ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनते ही कांग्रेस सरकार के समय रुके हुए 18 लाख आवासों की स्वीकृति मिली, जिससे लाभार्थियों के चेहरे पर मुस्कान लौटी है। साथ ही राज्य सरकार द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की राशि प्रदान की जा रही है, जिससे उन्हें आत्मसम्मान और आर्थिक सहयोग प्राप्त हो रहा है।
कार्यक्रम में जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार, डॉ. चंदू वर्मा, फुलेश्वरी रामवतार साहू, प्रताप साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। ग्रामीणों ने धार्मिक आयोजन और शीतला मंच निर्माण कार्य की शुरुआत पर खुशी व्यक्त करते हुए अतिथियों का आभार प्रकट किया।


