खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

जिला स्तरीय फातिमा शेख प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
12-Jan-2026 3:48 PM
 जिला स्तरीय फातिमा शेख प्रतिभा  सम्मान समारोह आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 12 जनवरी। इकरा फाउंडेशन द्वारा रविवार 11 जनवरी को खैरागढ़ में भारत की प्रथम महिला मुस्लिम शिक्षिका स्वर्गीय फातिमा शेख की जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय फातिमा शेख प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। संस्था द्वारा यह आयोजन वर्ष 2019 से किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित समाजसेविका शमशाद बेगम उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत गंडई के पूर्व उपाध्यक्ष एवं मुस्लिम जमात के सदर जावेद खान ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी मो. रफीक खान उपस्थित थे। समारोह को संबोधित करते हुए शमशाद बेगम ने कहा कि यदि व्यक्ति दूसरों के लिए उपयोगी बनता है तो वही मानव धर्म है। उन्होंने अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिक्षा से जुड़े कार्यों की शुरुआत उन्हें पारिवारिक सहयोग से मिली और साक्षरता मिशन से जुडऩे के बाद उन्होंने बालिकाओं और महिलाओं की शिक्षा के क्षेत्र में कार्य किया। उन्होंने छात्रों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जावेद खान ने कहा कि वे इकरा फाउंडेशन को पिछले सात वर्षों से बच्चों के हित में कार्य करते देख रहे हैं। उन्होंने शिक्षा को आवश्यक बताते हुए समाज के लोगों से संस्था के कार्यों में सहयोग की अपील की।

विशिष्ट अतिथि मो. रफीक खान ने कहा कि उन्हें इस कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने पर प्रसन्नता है।

इकरा फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक खान ने कहा कि संस्था का उद्देश्य यह है कि कोई भी योग्य बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

स्वागत भाषण में फाउंडेशन के अध्यक्ष खलील कुरैशी ने बताया कि ‘इकरा’ का अर्थ शिक्षा अर्जित करना है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने की अपील की।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा, पंचायत प्रशासन, सहकारी समिति, धार्मिक व सामाजिक गतिविधियों से जुड़े लोग शामिल थे। इसके अलावा पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय पत्रकारों को भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में कक्षा 10वीं, 12वीं, स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नगद राशि, स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 इसके साथ ही केसीजी जिले के कक्षा 6वीं से 12वीं तक 70 प्रतिशत तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन इकरा फाउंडेशन के सचिव मो. याहिया नियाज़ी ने किया तथा आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष शमशुल होदा खान द्वारा किया गया। समारोह में इकरा फाउंडेशन के पदाधिकारी, समाज के वरिष्ठजन, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट