खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

संगीत विवि में नवाचार की नई धुन, मुख्यमंत्री ने किया वार्षिक कैलेंडर का भव्य विमोचन
10-Jan-2026 6:26 PM
संगीत विवि में नवाचार की नई धुन, मुख्यमंत्री ने किया वार्षिक कैलेंडर का भव्य विमोचन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 10 जनवरी। सांस्कृतिक चेतना और नवाचार की नई मिसाल पेश करते हुए इन्दिरा कला संगीत विश्वविद्यालय ने पहली बार अपना वार्षिक कैलेंडर प्रकाशित किया है, जिसका विमोचन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के हाथों हुआ।   इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा,  दिव्य कुमार शर्मा एवं  राजेंद्र सिंह की उपस्थिति रही। 

कुलपति  ने बताया कि यह कैलेंडर विश्वविद्यालय में चल रहे नवाचारों की एक झलक है, जिसमें शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को समाहित किया गया है। कैलेंडर में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, आयोजनों और सांस्कृतिक गतिविधियों की रंगीन झलकियाँ प्रस्तुत की गई हैं, जो न केवल इसकी समृद्ध परंपरा को दर्शाती हैं, बल्कि रचनात्मक वातावरण की भी सजीव तस्वीर पेश करती हैं।

विशेष बात यह रही कि विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु अपना महल दान करने वाले राजा-रानी एवं राजकुमारी इंदिरा की तस्वीरों को भी कैलेंडर के प्रत्येक पन्नों में स्थान दिया गया है। यह न केवल उनके योगदान को स्मरण करने का प्रयास है, बल्कि नई पीढ़ी को उनकी दानशीलता से प्रेरित करने का भी एक सशक्त माध्यम बना है। 

स्थापना से लेकर अब तक पहली बार प्रकाशित यह कैलेंडर न केवल विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और शैक्षणिक नवाचार का प्रतीक भी बन गया है।


अन्य पोस्ट