दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 अगस्त। लघु उद्योग भारती की छत्तीसगढ़ प्रांत की सर्विस इकाई भिलाई, एमएसएमई निर्देशक कार्यालय रायपुर तथा इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड की विगत दिवस वर्चुअल बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें उद्यमियों ने अति उत्साह के साथ भाग लिया।
बैठक में इंडियन आयल द्वारा उनके यहां आपूर्ति करने वाली एवं वेंडर के रूप में रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया तथा अन्य जानकारियां साझा की गईं। लघु उद्योग भारती छत्तीसगढ़ प्रांत के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल के अतिरिक्त छत्तीसगढ़ प्रांत के उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, दुर्ग इकाई के अध्यक्ष संजय चौबे, दुर्गा प्रसाद सहित अन्य सदस्यों ने शिरकत की। संयुक्त निर्देशक एमएसएमई रायपुर कायार्लय डॉ बीआर सिरसाठ ने सभी प्रतिभागियों विशेषकर लघु उद्योग भारती छत्तीसगढ़ प्रांत की सर्विस इकाई तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष की उपस्थिति पर हर्ष जाहिर किया एवं इंडियन ऑयल से उपस्थित डीजीएम जेएसके गुप्ता एवं डीजीएम आलोक उपाध्याय के अतिरिक्त उपस्थित अन्य अधिकारियों का स्वागत करते हुए बताया कि इस तरह के कार्यक्रम निरतंर एवं गतिमान रूप से संचालित किए जाते रहे हैं जिससे उद्यमी लाभान्वित होकर अपने उत्पादों को इंडियन आयल जैसे बड़े प्रतिष्ठान में देने में सक्षम हों।
स्वागत भाषण में लघु उद्योग भारती छत्तीसगढ़ प्रांत के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल ने बताया कि यह कार्यक्रम सचमुच काफी उपयोगी है एवं विस्तार से इंडियन ऑयल द्वारा लिए जा रहे सामानों की आपूर्ति एवं अन्य वेंडर रजिस्ट्रेशन की प्रोसेस से हम सभी लाभांवित हुए।
दुर्गा प्रसाद ने इस उपयोगी कार्यक्रम पर अपनी प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम एमएसएमई के लगातार प्रयास एवं इंडियन ऑयल की सहभागिता से संपन्न करने में उप-निर्देशक लोकेश परगनिया की काफी अहम भूमिका रही है। इंडियन ऑयल की ओर से डीजीएम एसके गुप्ता ने विस्तार से वेंडर रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रोसेस को बताते हुए कहा कि पूरे प्रांत में 900 करोड़ से भी ऊपर के सामानों की आपूर्ति सूक्ष्म लघु उद्यमों से ली जा चुकी है एवं प्रक्रिया जारी है। एमएसएमई की नई परिभाषा एवं भारत सरकार द्वारा पब्लिक प्रोक्योरमेंट पॉलिसी के अंतर्गत सभी पीएसयू जिसमें विशेषकर इंडियन आयल लगातार एमएसएमई को हर संभव सहायता पहुंचाने हेतु कटिबद्ध है तथा इसी क्रम में लगातार हम चर्चा करते रहेंगे। उद्यमियों को वेंडर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को समझाते हुए कहा कि इंडियन ऑयल के आपूर्ति श्रृंखला में अपने उत्पादों को शामिल करें एवं अपने मार्केटिंग में सफल हों।
अंत में उप निर्देशक एमएसएमई कार्यालय रायपुर लोकेश परगनिया ने सारे उद्यमियों एवं विशेषकर सत्यनारायण अग्रवाल लघु उद्योग भारती, दुर्गा प्रसाद का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।


