दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम को सुनने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय दीपक नगर पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के प्रति हमारी सोच पॉजिटिव होनी चाहिए। पॉजिटिव सोच के साथ विद्यार्थी हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकता है। यदि किसी कारणवश विद्यार्थी को सकारात्मक परिणाम नहीं मिला, तो उसे निराश होने की जरूरत नहीं है। अगली बार उसे बेहतर तैयारी के साथ आगे आना होगा। इसके पहले स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पर चर्चा संबोधन को शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच बैठकर सुने। मौके पर सभापति श्याम शर्मा, पार्षद मनोज सोनी, जनभागीदारी अध्यक्ष अनूप गटागट, आरएल ठाकुर संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग, डीईओ अरविंद मिश्रा, सहायक संचालक सीमा नायक व समृद्धि जोशी, प्राचार्य जे. मनोहरण, डीएमसी विनोद सिन्हा, सहायक क्रीड़ा अधिकारी तनवीर अकील, पीटीआई सेबेस्टियन मौजूद थे।
उन्होंने बच्चों से अपनी पढ़ाई जीवन के रोचक संस्मरण शेयर करते हुए कहा कि गणित में कुछ प्रश्न को छोड़ दिया था वही प्रश्न परीक्षा में पूछे गए। इसका आशय उन्होंने बताया कि कभी-कभी ऐसा होता है कि जिस प्रश्न को हम हल्के में लेते हैं वही प्रश्न पूछ लिया जाता है। इस वजह से परीक्षा के लिए हमें सभी प्रश्नों को गंभीरता से हल करना चाहिए।
इस दौरान एक छात्रा ने करियर के बारे में मंत्री जी से सवाल किया। इस पर मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि बच्चों में नैसर्गिक प्रतिभा होती है, इस प्रतिभा के अनुसार उसे आगे बढऩा चाहिए, जो करियर के लिए लाभप्रद साबित हो सकता है। कार्यक्रम में जिला महामंत्री विनोद अरोरा, पार्षद मनोज सोनी, विनोद मून, विजय जलकारे, आसिफ अली, आभा व्यास, रचना चतुर्वेदी, श्रुति तिवारी, कल्पना महेश्वरी, नीतू नायक, मृणाली पात्रेकर, अनुराधा ठाकुर, ममता गुप्ता, आकांक्षा नारंग, पूजा बालकिशोर, दिव्या ठाकुर, श्वेता पांडेय, सुकृता भुवाल सहित स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे।


