दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 फरवरी। मकान का ताला तोडक़र सोने चांदी के जेवरात की चोरी करने वाले आरोपिया को मोहन नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने चांदी के आभूषण एवं नगदी राशि सहित कुल 3,42,360 रुपए बरामद किए गए हैं। आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 जनवरी से 17 जनवरी के बीच अज्ञात आरोपी ने उसके मकान का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश किया और सोने चांदी के आभूषण एवं नगद राशि की चोरी की है। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी। संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला जागेश्वरी मार्कंडेय (26 वर्ष) निवासी नवापारा शीतला मंदिर के पास दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ किया। पूछताछ में आरोपिया ने अपने पति के साथ मिलकर चोरी की घटना को करना स्वीकार किया। पुलिस ने महिला जागेश्वरी मारकंडेय निवासी नवापारा शीतला मंदिर के पास दुर्ग के पास से जेवरात एवं रकम जब्त की है।


