दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 फरवरी। केंद्र के नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट को लेकर भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर महिला मोर्चा छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार दुर्ग जिला महिला मोर्चा के द्वारा महिला संवाद कार्यक्रम भाजपा कार्यालय में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर तथा भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय की मुख्य उपस्थिति में हुई।
केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ काम कर रही है। मोदी की नारी शक्ति के सशक्तिकरण के संकल्प ने पूरे देश की सोच को बदल दिया है। हमारी सरकार ने हमेशा महिला सम्मान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को प्राथमिकता दी है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के माध्यम से लाखों बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने करोड़ों बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाकर उनके स्वास्थ्य की रक्षा की है। जन-धन योजना के जरिए करोड़ों महिलाओं के बैंक खाते खोलकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है। सुकन्या समृद्धि योजना के माध्यम से बेटियों के भविष्य को सुरक्षित किया गया है। मातृ वंदना योजना से गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं के स्वास्थ्य और पोषण की चिंता की गई है। हाल ही में मोदी सरकार ने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए नारी शक्ति वंदन बिल पास किया है।
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नौ बार देश का बजट पेश किया और वह भी महिला होते हुए भी यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। 2047 विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए पूरी कार्य योजना को इस बजट के माध्यम से लाया गया है। महिला संवाद युवा संवाद और अन्य कार्यक्रम के आयोजन केंद्रीय नेतृत्व के द्वारा केंद्रीय बजट के लिए किया गया है।
कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी नंदन जैन, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन ममता राव व आभार प्रदर्शन महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष तृप्ति चंद्राकर ने किया। कार्यक्रम में भिलाई जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, महापौर अलका बाघमार, पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशिला साहू, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य चंद्रिका चंद्राकर, उषा टावरी, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री कुमुद बघेल कार्यक्रम के अध्यक्षता कर रही महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष तृप्ति चंद्राकर, भिलाई जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक उपस्थित रहे।


