धमतरी
वैकल्पिक व्यवस्था के सहारे सोसाइटियों में धान खरीदी जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 19 नवंबर। सहकारी कर्मचारियों की हड़ताल के चलते इस बार प्रशासन को धान खरीदी के लिए अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ रही है। इसके लिए साम दाम दंड भेद की नीति अपनाने के अलावा वैकल्पिक व्यवस्था के सहारे सोसाइटियों में व्यवस्था बनाने अधिकारी दिन -रात एक कर रहे हैं। फिर भी किसानों की समस्या का निदान पूरी तरह नहीं हो पा रहा है। फिर भी जैसे जैसे कुरूद विकासखंड की 33 में से 32 समितियों में धान खरीदा जा रहा है।
धमतरी जिला में खरीफ उपार्जन वर्ष 2025-26 के लिए धान खरीदी कार्य 15 नवंबर से प्रारंभ हो गया है। जिले में इस वर्ष 100 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 66 लाख क्विंटल धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 18 नवम्बर की स्थिति में 1323 किसानों को टोकन जारी कर, 63 हजार क्विंटल धान खरीदी प्रस्तावित की गई है। सभी उपार्जन केंद्रों में नोडल अधिकारी तथा संबंधित विभागीय अधिकारी लगातार निरीक्षण कर क्रियान्वयन की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
अब बात करें कुरूद विकासखंड की तो कॉपरेटिव बैंक कुरूद, दरबा, नारी, मरौद, भखारा, कोर्रा अंतर्गत 33 उपार्जन केन्द्रो में से एक समिति कोड़ेबोड़ को छोड़ सभी 32 सोसाइटियों में वैकल्पिक व्यवस्था के सहारे धान खरीदा जा रहा है। इस बीच सभी प्रबंधकों को हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने नोटिस जारी किया गया है। सरकार ने पहले ही धान खरीदी सुचारू रखने एस्मा लागू कर रखा है। इसके तहत अब तक सहकारी समिति कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र साहू को पद से हटा उनके खिलाफ कुरूद थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा 3 अन्य कर्मचारी को बर्खास्त कर दिया गया है। कोड़ेबोड़ समिति के प्रभारी प्रबंधक रोहित साहू पर भी बिरेझर पुलिस चौकी में मामला दर्ज हुआ है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा स्वयं धान खरीदी कार्य की दैनिक समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने सभी केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए भीड़ प्रबंधन, टोकन वितरण प्रणाली, परिवहन व्यवस्था और भुगतान प्रक्रिया को और अधिक सुचारू बनाने निर्देश दिए हैं।
सीईओ जितेन्द्र नंदा ने बताया कि मंगलवार तक क्षेत्र की 32 सोसाइटियों में 959 किसानों से 42546.80 किवंटल धान खरीद लिया गया है। नये लोगों के सहारे संचालित व्यवस्था में किसानों को कोई असुविधा न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
जिला सहकारी बैंक कुरूद शाखा प्रबंधक टीके बैस ने बताया कि अब तक कुरूद सोसाइटी में-2674 किवंटल, कुहकुहा-904, गाड़ाडीह-2471, मंदरौद-2380, भाठागांव- 985, बगौद-2361, चर्चा -941, कातलबोड़-1165 एवं सिवनीकला समिति में 806 क्विंटल धान खरीद लिया गया है। उन्होंने क्षेत्र की सभी सोसाइटियों में समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने का दावा करते हुए आगे भी धान खरीदी सफलता पूर्वक पूरा होने का भरोसा जताया।
जबकि कांग्रेस समर्थित जनपद सदस्य लिली श्रीवास ने कुछ समितियों का भ्रमण कर बताया कि कर्मचारी हड़ताल के चलते सोसायटी में काम पूरी तरह ठप है। राज्य सरकार की यह लापरवाही और किसान-विरोधी नीतियों से जनता त्रस्त और सरकार मस्त है। किसानों को पहले बीज नहीं मिला, फिर खाद की भारी कमी और अब धान बेचने में हो रही देरी किसानों को भारी पड़ रही है।


