धमतरी

सरपंच पति पर जमीन कब्जा करने का आरोप
27-Feb-2026 8:47 PM
सरपंच पति पर जमीन कब्जा करने का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 27 फरवरी। ग्राम पंचायत चरमुडिय़ा के सरपंच पति पर दूसरे की जमीन अपने नाम करने की शिकायत राजस्व विभाग से की गई है। इस बात को लेकर गाँव में काफी हंगामे की स्थिति रही। पूर्व जनपद सभापति ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर अपने हक की जमीन लौटाने की मांग की है।

कुरुद जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत चरमुडिय़ा में उस समय हंगामा हो गया, जब कुरुद के एक व्यवसायी दीपक गांधी अपनी खरीदी गई जमीन का नाप कराने गाँव पहुंचे।

इसी बीच अछोटी के किसान एवं पूर्व जनपद सदस्य वासुदेव चंद्राकर भी पहुँच गए। उन्होंने खसरा नंबर 435 के आसपास की जमीन अपने रिश्तेदार के नाम पर होने की जानकारी देते हुए रिकॉर्ड में गलत तरीके से सरपंच पति तेजेन्द्र तोड़ेकर का नाम दर्ज होने की बात को लेकर न्याय की मांग की।

 मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों ने भी इसी तरह की कुछ और जमीन में कब्जा करने का आरोप लगाया है। जबकि इस मामले में सरपंच पति तेजेन्द्र तोड़ेकर ने किसी भी जमीन पर कब्जा करने की बात को बेबुनियाद करार देते हुए कहा कि जिस जमीन को अछोटी का किसान अपना बता रहा है, उसे मैंने दो साल पहले खरीदा है, इसकी रजिस्ट्री हुई और चेक के माध्यम से पैसों का भुगतान किया गया है।

 इस मामले में अधिक जानकारी के लिए जब संबंधित पटवारी से पूछा गया तो उन्होंने खुद को साहब के साथ बैठे होने की बात कह फोन कट कर दिया।


अन्य पोस्ट