धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 20 मई। धमतरी में सडक़ हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक बाइक से अपने घर लौट रहे थे। डोमा के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों दोस्तों ने दम तोड़ दिया। मामला भखारा थाना क्षेत्र का है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक का सिर बुरी तरह से फट गया। घटना के बाद सडक़ पर खून बिखर गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पारख प्रकाश कंवर (24) और टिकेश्वर यादव (25) डोमा के रहने वाले थे। दोनों किसी काम से भखारा की ओर गए थे। बीते रविवार रात 11 बजे के आस पास बाइक क्रमांक सीजी 05 एएल 8832 से वापस लौट रहे थे। तभी यह घटना हुई।
आशंका जताई जा रही है कि कोई बड़ी गाड़ी ने ठोकर मारी और फरार हो गया। जब दोनों दोस्तों को इलाज के लिए धमतरी जिला अस्पताल लाया गया तो वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से गांव में मातम छा गया। हालांकि इस मामले में पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश तलाश में जुट गई है।


