धमतरी

सर्जरी से निकाली गर्भवती के स्तन से पौने दो किलो की गांठ
29-May-2026 2:49 PM
सर्जरी से निकाली गर्भवती के  स्तन से पौने दो किलो की गांठ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 29 मई। चार महीने की गर्भवती 21 वर्षीय महिला के बाएं स्तन में एक साल से एक छोटी गांठ थी, लेकिन गर्भावस्था में हार्मोनल बदलावों के कारण कुछ  हफ्तों में स्तन का आकार असामान्य रूप से बड़ गया, त्वचा में खिंचाव होने से दर्द शुरू हो गया। कुछ डॉक्टरों को दिखाया तो गर्भावस्था में ऑपरेशन के दौरान गर्भपात का खतरा बताते हुए ऑपरेशन करने से मना कर दिया। ऐसे में धमतरी के डॉक्टर दंपत्ति के हाथों हुई सुरक्षित सर्जरी से मां और गर्भस्थ शिशु दोनों स्वस्थ हैं।  इससे पहले महिला ने वरिष्ठ सर्जन डॉ. प्रदीप साहू एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीति साहू से संपर्क किया था। धमतरी के एसएमसी अस्पताल में हुई जांच में गांठ का आकार 10 से 12 सेंटीमीटर पाया गया।

 सोनोग्राफी और एफएनएसी जांच में यह फाइब्रोएडेनोमा नामक गांठ प्रतीत हुई, लेकिन इसके तेजी से बढऩे के कारण डॉक्टरों को फायलोड्स ट्यूमर की भी आशंका हुई।  फौरन डॉ. प्रदीप साहू ने पूरी सावधानी से विशेष सर्जरी कर एक किलो 700 ग्राम की विशाल गांठ को शरीर से अलग किया। ऑपरेशन के बाद गर्भस्थ शिशु की विशेष सोनोग्राफी कराई गई, जिसमें भ्रूण पूरी तरह स्वस्थ और सामान्य पाया गया। मां और शिशु दोनों सुरक्षित हैं, मरीज की रिकवरी भी संतोषजनक रही।


अन्य पोस्ट