धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 28 मई। नगरपालिका कुरुद अंतर्गत मूलभूत विकास कार्यों के लिए परिषद से पारित संकल्पों को मंजूरी के लिए शासन को भेजने अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर ने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से सौजन्य भेंट कर उन्हें प्रस्ताव की फाईल सौंपा।
उन्होंने नगर के विकास के लिए शासकीय भूमि को चिह्नित कर सुरक्षित करने एवं बरसों पुराने कालोनियों मे विकास कार्य कराने अनुमति संबंधी विषय पर विस्तृत चर्चा की। इसके पूर्व अध्यक्ष चन्द्राकर ने अपनी नगर पालिका में सामान्य सभा की बैठक लेकर 14 बिंदुओं में परिषद की सहमति हासिल की। जिसमें आश्रय शुल्क के 42 लाख रुपये से आवासविहीन लोगों को अटल आवास और डिपो रोड के पास आवास बनाकर देने का निर्णय लिया गया। पुरानी मंडी परिसर में प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद विकास ऐजेन्डा लाने, भरदा चौक में बनी दुकानों को स्वयं की राशि से जीर्णोद्धार करने, एनएच रायपुर रोड में नगरपालिका के भूमि को कलेक्टर द्वारा व्यावसायिक मद मे परिवर्तन कराने, इसके साथ ही विभिन्न विकास कार्यों के निविदाओं का अनुमोदन, पिछले नीलामी में भाग लेने वाले बोलीदारों द्वारा 15 दिनों में राशि जमा नहीं करने पर अमानत राशि जब्त करने, मुगऱ्ा मटन मार्केट के अपशिष्टों को चिह्नित स्थल पर डिस्पोज करने एवं छोटे छोटे मूलभूत विकास कार्यों को पूरा करने का निर्णय परिषद ने लिया।
बैठक में उपाध्यक्ष देवव्रत साहू, विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर, नेता प्रतिपक्ष डूमेश साहू, सभापति मिथलेश बैस, सितेश सिन्हा, महेन्द्र गायकवाड़, राजकुमारी ध्रुव, पार्षद उत्तम साहू, रजत चन्द्राकर, उर्वशी चन्द्राकर, रवि मानिकपुरी, कविता चन्द्राकर, राखी चन्द्राकर, मनीष साहू, मंजू साहू, यमुना कंवर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी महेन्द्र गुप्ता, इंजीनियर श्री पैंकरा सहित कर्मचारीगण शामिल थे।


