धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 22 मई। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा का नगर आगमन होने पर युंकाईयों ने पुराना बाजार चौक में जोशीला स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस केवल पद पाने का माध्यम नहीं, बल्कि देश और समाज की आवाज़ बनने का एक मंच है। इसके जरिए राजनीति में पारदर्शिता, संघर्ष और जनसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ाने का काम किया जाता है।
कुरुद कांग्रेस भवन पहुंचकर सर्वप्रथम प्रदेशाध्यक्ष श्री शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी के छायाचित्र में माल्यार्पण करके नमन किया। तत्पश्चात उन्होंने कुरूद विधानसभा के पदाधिकारियों से संगठनात्मक विषय पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी का उद्देश्य युवा कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करना, युवाओं को नेतृत्व का अवसर देना और जमीनी कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत के आधार पर पहचान दिलाना है। इस परिपेक्ष्य में 24 मई को रायपुर में दिल्ली की चुनाव प्रभारी टीम संगठन चुनाव एवं महा सदस्यता अभियान के संदर्भ में जानकारी देंगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि चुनाव से संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ता है। हमारा लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को कांग्रेस पार्टी से जोडऩा है।
विधानसभा युकां अध्यक्ष देवव्रत साहू ने कहा कि यहां युवा कांग्रेस के साथी अन्याय, दमन, विरोध की मजबूत लड़ाई लड़ रहे हैं। युवाओं की ताकत जनता की आवाज़ बनकर अन्याय, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ मैदान में उतरते रहे हैं। मंच संचालन महासचिव तुकेश साहू ने एवं आभार भखारा ब्लॉक युकाध्यक्ष पुखराज साहू ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर तपन चंद्राकर, आशीष शर्मा, प्रमोद साहू, लकेश्वर साहू, नरेंद्र सोनवानी, डुमेश साहू, उत्तम साहू, राघवेंद्र सोनी, चन्द्रप्रकाश देवांगन, मनोज अग्रवाल, संतोष प्रजापति, लव चंद्राकर आदि उपस्थित थे।


