धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 30 मई। मगरलोड ब्लॉक के ग्राम पंचायत राजपुर में क्लस्टर स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें राजपुर, झाझरकेरा, बिरझुली, भेण्ड्री, पेंड्री, सरगी, डोमा, करेली, छिपली, मोहंदी, बेलोरा एवं सोनपरी सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
शिविर में कुल 872 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 869 मांग एवं 3 शिकायत संबंधी शामिल थे। इनमें से 603 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। शिविर में जनपद अध्यक्ष विरेन्द्र साहू ने कहा कि सुशासन तिहार प्रदेश सरकार की जनहितैषी सोच का परिणाम है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
समाधान शिविरों के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो रहा है, जिससे शासन और जनता के बीच विश्वास और संवाद मजबूत हुआ है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला एवं युवाओं के उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है तथा सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
जनपद पंचायत द्वारा 5 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड,1 दिव्यांग को ट्राइसाइकिल, 4 को श्रम कार्ड प्रदान किया गया। साथ ही 65 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर सिकल सेल, बीपी, शुगर एवं अन्य बीमारियों की जांच की गई। 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड और 15 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस, 5 का आधार अपडेट एवं 2 नवीन आधार कार्ड तैयार किए गए। कार्यक्रम में कृष्णकुमार ध्रुव, विजय यादव, रोहित मोहन साहू, लोमस सिन्हा, राजेश साहू,कोमल यदू, मुरली सिन्हा, सीईओ दिव्या ठाकुर सहित अधिकारी-कर्मचारी, सरपंचगण, एवं ग्रामीण उपस्थित थे।


