धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 29 मई। सुशासन तिहार के अंतर्गत जन शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु कुरूद जनपद के ग्राम पंचायत कचना में 17 ग्राम पंचायतों को शामिल करते हुए समाधान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें सिलीडीह, सिलतरा, नवागांव, जीजामगांव, अंवरी, गणेशपुर, मडेली, भैंसबोड़, जरवायडीह, कोलियारी, जोरातराई, थूहा, नवागांव, सिर्वे, कुम्हारी, भेण्डसर एवं कचना पंचायतों के ग्रामीणों ने प्रशासन को अपनी समस्या बताई।
शिविर का शुभारंभ करते हुए जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी हेमंत साहू ने बताया कि ग्रामीणों की छोटी बड़ी समस्याओं का निराकरण गाँव में ही करने के उद्देश्य से सरकार सुशासन तिहार के बहाने अधिकारियों को लोगों की कठनाई दूर करने उनके पास भेज रही है। उन्होंने माना कि विष्णु देव सरकार के सुशासन में किसी भी वर्ग को कोई परेशानी नहीं है। विधायक अजय चन्द्राकर की सक्रियता से क्षेत्र में विकास कार्य भी तेज गति से हो रहें हैं। शिविर में कुल 819 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 812 मांग एवं 7 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। प्राप्त आवेदनों में से 161 मांग एवं 4 शिकायतों का मौके पर निराकरण किया गया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, सभापति कुलेश्वरी सुनील गायकवाड़, पूजा राजू सिन्हा, जनपद सदस्य ललीता भतपहरी, गंगा साहू, ठाकुरराम साहू, पूर्व उपाध्यक्ष रामस्वरूप साहू, नारायण गोस्वामी, नोडल अधिकारी अनुराग त्रिवेदी, सहायक नोडल अधिकारी अमित सेन ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को भू स्वामित्व योजना अंतर्गत आबादी पट्टा, श्रमिक कार्ड, नि:शुल्क चश्मा एवं आयुष्मान कार्ड, पोषण आहार सामग्री, पोषण किट एवं बैशाखी वितरित किया गया।


