धमतरी
पूर्व विधायक लेखराम राम ने उठाए सवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 30 मई। किसान खाद-बीज के लिए दर-दर भटक रहे हैं, मंत्री-विधायक सुशासन त्यौहार में फोटो एवं सेल्फी लेने में मस्त हैं। उक्त विचार पूर्व विधायक लेखराम साहू ने बयान जारी कर प्रदेश सरकार पर बरसते हुए कहा कि जनता आस लगाकर देख रही है कि कब अच्छे दिन आएंगे ?
राष्ट्रीय समन्वयक पिछड़ा वर्ग कांग्रेस एवं कुरुद के पूर्व विधायक लेखराम साहू ने प्रेस नोट के माध्यम से बताया कि जनता ने अपना बहुमूल्य वोट देकर भारतीय जनता पार्टी को छत्तीसगढ़ में शासन करने का मौका दिया, लेकिन इस सरकार ने आम जनता को महंगाई की मार से बेहाल कर दिया है। किसान से लेकर कर्मचारी, व्यापारी वर्ग सभी डबल इंजन की सरकार से त्रस्त है। आम जनता की समस्या से भाजपा सरकार को कोई मतलब नहीं। सिर्फ सुनो काम नहीं होना, यही बीजेपी की नीति बनकर रह गई है।
श्री साहू ने कहा कि कुरूद के विधायक अजय चंद्राकर विधानसभा में सरकार के विरोध में प्रश्नों की झड़ी लगा देते हैं, लेकिन आज किसानों की हालत और महंगाई पर उसके जुबान से एक शब्द नहीं निकल रहा है । मरीज की हालत बिगडऩे के बाद भी डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंच रहे हैं। विकास कार्यों के लिए फंड और बजट जारी न होने से कुरुद विधानसभा के सरपंच आक्रोशित हैं। ऐसे ही मामले के चलते कांकेर जिले के अंतागढ़ ब्लॉक में 56 सरपंचों ने सामूहिक इस्तीफा दे साबित कर दिया कि बीजेपी की सरकार जनता के हित में काम नहीं कर सकती, सिर्फ फोटो बाजी एवं सुशासन त्यौहार के आडंबर रचकर जनता को धोखा दे रही है।


