दन्तेवाड़ा

कई वारदातों में शामिल 2 ईनामी नक्सल आरोपी बंदी
15-Mar-2021 5:29 PM
कई वारदातों में शामिल 2 ईनामी नक्सल आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 दंतेवाड़ा, 15 मार्च। दंतेवाड़ा में नक्सली उन्मूलन अभियान के तहत रविवार को पुलिस ने अलग-अलग जगहों से 2 इनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। दोनों नक्सलियों पर 3 लाख का इनाम घोषित है। 
रविवार को कुआकोंडा पुलिस ने प्लाटून-24 एरिया कमेटी सदस्य को हिरासत में लिया गया। उसकी गिरफ्तारी पर 2 लाख रूपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने बताया कि कुआकोंडा पुलिस द्वारा तलाशी अभियान चला गया था। उसी दौरान जियाकोड़ता गांव में एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। जिससे कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम पोज्जा माडवी(20) निवासी जियाकोड़ता बताया। उक्त नक्सली पुलिस पर हमले सहित अन्य वारदातों में शामिल था। बुर्कापाल में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में उक्त नक्सली ने सक्रिय भूमिका निभाई थी। उक्त मुठभेड़ में 27 जवान शहीद हुए थे। 

गीदम पुलिस की तलाशी अभियान के दौरान बड़े तुमनार गांव के समीप एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता पूर्व कार्रवाई करते हुए उक्त व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मुन्ना  पोडियाम (25) वर्ष बताया। यह नक्सली लीडर नारायणपुर जिला अंतर्गत पूसा लामा गांव का निवासी है। इसका मुख्य कार्य नक्सली विचारधारा का प्रचार प्रसार करना था राज्य शासन द्वारा इस नक्सली की गिरफ्तारी पर 1 लाख रूपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
 


अन्य पोस्ट