दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा 18 नवंबर। दंतेवाड़ा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता - सहायिका संघ अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर है। जिससे नन्हे - मुन्ने बच्चों को केन्द्रों से भूखे ही लौटना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ द्वारा विगत् मंगलवार से तीन दिवसीय हड़ताल की गई थी। इसी क्रम में हड़ताल का बुधवार को दूसरा दिन था। संघ द्वारा मानदेय में बढ़ोतरी की मांग प्रमुख है। वहीं सेवा के नियमितीकरण की मांग भी शामिल है। उक्त हड़ताल के फलस्वरुप जिले के सैकड़ों आंगनबाड़ी केन्द्रों के ताले नहीं खुले। केन्द्रों में आने वाले बच्चे जब पहुंचे। केंद्र बंद देखकर उन्हें निराशा हाथ लगी। अंतत: बच्चों को भूखे ही वापस लौटना पड़ा।इस मुद्दे पर परियोजना अधिकारी कुआकोंडा अनिल लोनिया ने बताया कि कार्यकर्ताओं - सहायिकाओं की तीन दिवसीय हड़ताल जारी है। जिससे सैकड़ों आंगनबाड़ी केंद्र बंद है। इस वजह से ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई।
हड़ताल समाप्त होते ही सेवाएं बहाल हो जाएंगी।