दन्तेवाड़ा

अयप्पा मंदिर में 41 दिनी मंडल व्रत पूजा का शुभारंभ
22-Nov-2026 8:57 PM
अयप्पा मंदिर में 41 दिनी मंडल व्रत पूजा का शुभारंभ

दीपों की रोशनी और भक्तिमय वातावरण के बीच शुरू हुआ आध्यात्मिक अनुष्ठान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 22 नवंबर। नगर के अयप्पा मंदिर में मंगलवार, 17 नवंबर से 41 दिवसीय मंडल व्रत पूजा का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान अयप्पा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की तथा भक्ति भाव से आराधना की।

मंडल व्रत पूजा के शुभारंभ के साथ ही मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों और भजन-कीर्तन का सिलसिला शुरू हो गया है। पूजा के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित महिलाओं एवं अन्य श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से प्रार्थना की और भगवान अयप्पा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। मंदिर परिसर में सजे दीपों की कतारें और आरती की दिव्य ज्योति ने आध्यात्मिक माहौल को और भी विशेष बना दिया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान अयप्पा की आराधना में मंडल व्रत का विशेष महत्व है। 41 दिनों तक चलने वाली यह साधना श्रद्धा, संयम, अनुशासन और आत्मशुद्धि का प्रतीक मानी जाती है। इस अवधि में श्रद्धालु नियमों का पालन करते हुए भगवान अयप्पा की भक्ति में लीन रहते हैं।बचेली में मंडल व्रत पूजा के शुभारंभ से अयप्पा भक्तों में विशेष उत्साह और उल्लास देखने को मिल रहा है।

आगामी 41 दिनों तक मंदिर में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहेगा।


अन्य पोस्ट