दन्तेवाड़ा

घातक फंदे ने छीना गाय का पैर, एईसीएस और पशु चिकित्सा टीम ने बचाई जान
18-Nov-2026 9:47 PM
घातक फंदे ने छीना गाय का पैर, एईसीएस और पशु चिकित्सा टीम ने बचाई जान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 18 नवंबर। सैंपलेक्स नाला और जोगापारा क्षेत्र में शिकार के लिए लगाए जा रहे फंदों की चपेट में मवेशियों के आने की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में एक गौवंश का दाहिना पिछला पैर फंदे में फंस गया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। पैर में फ्रैक्चर के साथ सडऩ और मवाद का संक्रमण फैलने के कारण उसकी जान बचाने के लिए ऑपरेशन कर पैर काटना पड़ा।

16 नवंबर 2026 को एईसीएस एनजीओ और पशु चिकित्सा टीम के संयुक्त प्रयास से गौवंश का ऑपरेशन किया गया। पूर्व पार्षद फिरोज नवाब के नेतृत्व में एनजीओ के फिरोज नवाब, प्रदीप गुप्ता, गौरव साहू और रोहित पटेल ने रेस्क्यू एवं देखभाल में सहयोग किया। वहीं, पशु चिकित्सालय के सहायक चिकित्सा अधिकारी भानुदेव रावटे तथा अटेंडेंट श्रीमती नीलिमा कांगे और डोमन बंजारे ने उपचार एवं ऑपरेशन में योगदान दिया।

ऑपरेशन के अगले दिन यानी 17 नवंबर को गौवंश तीन पैरों के सहारे खड़ा हो गया। संक्रमण की स्थिति को देखते हुए समय पर ऑपरेशन किया गया। इससे गौवंश की जान बचाने में मदद मिली।

पशु चिकित्सालय की व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद बचेली की पशु चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। एनजीओ सदस्यों का कहना है कि नगर में पशु चिकित्सालय होने के बावजूद घायल पशुओं के उपचार में परेशानी होती है। उनका आरोप है कि केंद्र को सामान्य उपचार के बजाय कृत्रिम गर्भाधान केंद्र बताते हुए कई बार घायल पशुओं का इलाज करने से मना कर दिया जाता है।

पर्याप्त जगह और संसाधनों के अभाव में एनजीओ को कई बार खुले आसमान के नीचे घायल पशुओं की देखभाल करनी पड़ती है।

गौठान नहीं, वर्षों से लंबित है गौशाला की मांग

क्षेत्र में गौठान और स्थायी गौशाला की व्यवस्था नहीं होने से घायल एवं बेसहारा मवेशियों की देखभाल में परेशानी होती है। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से गौशाला निर्माण और घायल पशुओं के लिए उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में शिकार के लिए लगाए जा रहे फंदों पर रोक लगाने, घायल पशुओं के उपचार की व्यवस्था करने और स्थायी गौशाला निर्माण की मांग फिर उठी है।


अन्य पोस्ट