दन्तेवाड़ा

पीएम स्वनिधि योजना: दंतेवाड़ा और बिलासपुर का द्वितीय स्थान
21-Nov-2026 11:17 PM
पीएम स्वनिधि योजना: दंतेवाड़ा और बिलासपुर का द्वितीय स्थान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 21 नवंबर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स- 2026 में छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में प्रथम और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने राज्य स्तरीय दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। समारोह में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को भी राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। समारोह में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद थे।

स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स- 2026 के अंतर्गत डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। एक लाख से कम जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में बड़े बचेली नगर पालिका ने देश में प्रथम और दंतेवाड़ा नगर पालिका ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 1 - 10 लाख जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम को राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को राज्य स्तर पर दो राष्ट्रीय पुरस्कार तथा बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान मिलना नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है।

बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी एवं आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, दंतेवाड़ा पालिका अध्यक्ष  पायल गुप्ता एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरुण कुमार ध्रुव तथा बड़े बचेली पालिका के अध्यक्ष राजू जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी पीटीएम कृष्णा राव ने प्रतिनिधि मंडल के सदस्य के रूप में अपने-अपने निकायों के पुरस्कार ग्रहण किए।


अन्य पोस्ट