दन्तेवाड़ा

एनएमडीसी भर्ती की मांग, 28 को बचेली व किरंदुल परियोजना के घेराव की चेतावनी
18-Nov-2026 9:47 PM
एनएमडीसी भर्ती की मांग, 28 को बचेली व किरंदुल परियोजना के घेराव की चेतावनी

 भांसी की बैठक में बनी आंदोलन की रणनीति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 18 नवंबर। एनएमडीसी में एल 1 व एल 2भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर बेरोजगार युवाओं का आक्रोश अब आंदोलन की तैयारी में बदलता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में भांसी में सर्व आदिवासी समाज, युवा बेरोजगार संघ और जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें भर्ती प्रक्रिया को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।

 युवा बेरोजागर संघ का कहना है कि बैठक में 28 नवंबरसे एनएमडीसी की बचेली व किरंदुल परियोजना का घेराव करते हुए अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने की बात कही गई। बैठक में मुख्य रूप से एल1-एल2 भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए व भर्ती परीक्षा की तारीख निर्धारित कर आधिकारिक रूप से घोषित की जाए। बैठक में शामिल लोगों ने कहा कि भर्ती को लेकर लंबे समय से अभ्यर्थी इंतजार कर रहे हैं, ऐसे में अब प्रबंधन को इस दिशा में स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए।

आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने के लिए बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिले के युवाओं के साथ सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को जोडऩे की तैयारी की जा रही है। इसके लिए विभिन्न वर्गों से संपर्क कर उन्हें इस मुहिम में सहभागी बनाने की रणनीति बनाई जा रही है। बैठक में मौजूद लोगों ने भी इस मुद्दे को क्षेत्र के युवाओं के रोजगार और भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया।

दंतेवाड़ा युवा बेरोजगार संघ की ओर से स्पष्ट किया गया कि 28 नवंबर से प्रस्तावित आंदोलन से पहले यदि प्रबंधन भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और परीक्षा की तारीख घोषित करने को लेकर सकारात्मक पहल करता है, तो यह सभी के लिए बेहतर होगा। संघ ने कहा कि आंदोलन किसी के विरोध में नहीं, बल्कि क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं के अधिकार और रोजगार की मांग को लेकर किया जा रहा है। बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिले के जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, व्यापारी संघ, ट्क यूनियन, मीडिया प्रतिनिधियों, अभ्यर्थियों और जागरूक नागरिकों को जोडऩे की तैयारी है।

युवा बेरोजगार संघ ने बताया कि गत 15 नवंबर को बचेली के मैदान में बैठक आयेाजित की गई थी, लेकिन उस मैदान में एनएमडीसी ने क्रिकेट मैच का आयेाजन कराया गया था, जिसके बाद 17 नवंबर को भांसी में बैठक रखी गई। आंदोलनकारियों ने बताया कि इससे पहले भी भर्ती परीक्षा की मांग को लेकर युवाओं ने एनएमडीसी प्रबंधन के खिलाफ चार दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया था। उस दौरान स्थानीय विधायक और सांसद की ओर से आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया था। इसके बाद युवाओं का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात करने भी पहुंचा था, जहां उन्हें इस मामले में सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया गया।

हालांकि, इन आश्वासनों के बावजूद अब तक भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा की तारीख को लेकर कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है। लगातार इंतजार और स्पष्ट पहल के अभाव में बेरोजगार युवाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है, जिसके चलते एक बार फिर आंदोलन का रास्ता अपनाने की तैयारी की जा रही है।

संघ का कहना है कि यह लड़ाई केवल वर्तमान अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के रोजगार और क्षेत्र के भविष्य से भी जुड़ी है। अब सबकी नजर 28 नवंबर पर टिकी है कि इससे पहले एनएमडीसी प्रबंधन की ओर से कोई सकारात्मक पहल होती है या फिर प्रस्तावित अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाता है।


अन्य पोस्ट