दन्तेवाड़ा
छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज, जिला इकाई दंतेवाड़ा ने जारी किया पत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 27 नवंबर। एनएमडीसी की बचेली एवं किरंदुल परियोजना में एल1 और एल 2 भर्ती से जुड़े मुद्दों को लेकर 28 नवंबर को प्रस्तावित आंदोलन के बीच छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज, जिला इकाई दंतेवाड़ा ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। समाज ने इस आंदोलन के प्रति असहमति जताते हुए कहा है कि भर्ती संबंधी विवादों का निराकरण आंदोलन के बजाय आपसी बातचीत, संवाद और संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए।
इस संबंध में समाज की ओर से 27 नवंबर को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर श्रमजीवी पत्रकार संघ एवं संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई है। जारी पत्र में समाज ने स्पष्ट किया है कि एनएमडीसी की बचेली एवं किरंदुल परियोजना में एल-1 और एल-2 भर्ती को लेकर कुछ व्यक्तियों एवं राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों द्वारा प्रस्तावित आंदोलन का समाज समर्थन नहीं करता है। समाज की ओर से यह भी कहा गया है कि आंदोलन में शामिल होने अथवा उसे समर्थन देने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
बातचीत और संवैधानिक प्रक्रिया से समाधान पर जोर
छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज, जिला इकाई दंतेवाड़ा की ओर से जारी पत्र में अध्यक्ष राजाराम वट्टी, जिला कार्यकारी अध्यक्ष कामो कुंजाम एवं जिला सचिव जयराम कश्यप के नाम प्रमुख रूप से दर्ज हैं। समाज ने अपने वक्तव्य में कहा है कि भर्ती से संबंधित विषयों का समाधान आपसी बातचीत, संवाद, संवैधानिक प्रक्रिया और सभी पक्षों की सहमति से निकाला जाना चाहिए। सार्वजनिक क्षेत्र की सरकारी परियोजनाओं तथा शासन-प्रशासन की व्यवस्था को प्रभावित करने के बजाय संबंधित पक्षों को चर्चा के माध्यम से रास्ता निकालना चाहिए।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया गया है कि भर्ती संबंधी विषय पर बातचीत एवं समाधान की प्रक्रिया पहले से चल रही है। समाज को उम्मीद है कि संवाद के माध्यम से जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। ऐसे में आंदोलन के जरिए तनाव, टकराव अथवा प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावित करना उचित नहीं है।
समाज की ओर से जारी पत्र में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि किसी भी प्रस्तावित आंदोलन के दौरान यदि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, तो नियमानुसार जिम्मेदारी निर्धारित की जानी चाहिए।
पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि आंदोलन के दौरान उपद्रव, हिंसा, कानून-व्यवस्था की स्थिति अथवा शासन-प्रशासन को परेशानी उत्पन्न होती है, तो निष्पक्ष जांच के आधार पर वास्तविक जिम्मेदार आयोजकों एवं व्यक्तियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। समाज ने अपने वक्तव्य में शांति, सौहार्द, संवाद और आपसी सहमति के जरिए विवादों के समाधान की बात दोहराई है।