दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 25 नवंबर। सीआईएसएफ इकाई बीआईओएम बचेली के अधिकारियों एवं जवानों ने अपने स्वैच्छिक आर्थिक सहयोग से जिला बीजापुर के दुर्गम एवं नक्सल प्रभावित ग्राम दुमरी पालनार के जरूरतमंद आदिवासी परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। जवानों ने ग्रामीणों को कंबल, बच्चों को गर्म जैकेट एवं खेल सामग्री तथा परिवारों को मच्छरदानियां प्रदान कीं। इस दौरान जवानों ने ग्रामीणों के साथ बैठकर भोजन भी किया।
बैलाडीला पहाड़ी की तराई में स्थित दुमरी पालनार गांव आकाश नगर से लगभग 9 किलोमीटर दूर है। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की सहायता के साथ सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में ग्राम दुमरी पालनार के मुखिया छोटू कोवासी और ग्राम कडमपाल के सोनूराम मुड़ामी का सहयोग रहा। राहत सामग्री मिलने पर ग्रामीणों ने जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने सीआईएसएफ एवं परियोजना प्रबंधन की एम्बुलेंस सुविधा की भी सराहना की। ग्रामीणों के अनुसार, बीमार होने पर वे पहले पैदल आकाश नगर पहुंचते हैं, जहां से परियोजना की एम्बुलेंस के माध्यम से लगभग 21 किलोमीटर दूर बचेली अस्पताल तक पहुंचने में सहायता मिलती है।
उल्लेखनीय है कि सीआईएसएफ बीआईओएम बचेली में औद्योगिक एवं सरकारी संस्थानों की सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय आदिवासी समुदाय की सहायता और सामाजिक गतिविधियों में भी भागीदारी निभा रही है।