दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 27 नवंबर। जिले में पीएम श्री विद्यालयों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक एवं नवाचार से जोडक़र उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर और डीएमसी हरीश गौतम द्वारा समीक्षा की गई। इस बैठक में जिले के समस्त पीएम श्री विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रत्येक विद्यालय से दो सहयोगी शिक्षक शामिल हुए।
बैठक में पीएम श्री योजना के अंतर्गत विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता के उन्नयन, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा निर्धारित सैचुरेशन बिंदुओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) के माध्यम से रोचक एवं प्रभावी शिक्षण, ई-जादुई पिटारा के जरिए डिजिटल और खेल आधारित शिक्षा, इको क्लब के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता गतिविधियों के संचालन तथा बैगलेस डे के माध्यम से विद्यार्थियों को गतिविधि आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षा प्रदान करने पर चर्चा की गई। इसके साथ ही कौशल शिक्षा, कंप्यूटर लैब का नियमित उपयोग, अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने और विद्यालयों में इंटरनेट सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई गई।
जिला शिक्षा अधिकारी नें प्राचार्यों एवं शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विद्यालयों में निर्धारित सैचुरेशन बिंदुओं की वर्तमान स्थिति का आकलन कर आवश्यकतानुसार कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने तथा उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने पर बल दिया। जिला प्रशासन का उद्देश्य पीएम श्री योजना के माध्यम से जिले के विद्यालयों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, डिजिटल तकनीक, कौशल विकास एवं नवाचार से सुसज्जित किया जाना है।