दन्तेवाड़ा
एनएमडीसी ने कसी कमर, औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सख्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली/किरंदुल, 26 नवंबर। एनएमडीसी में एल-1 और एल-2 श्रेणी के पदों पर भर्ती की मांग को लेकर 28 नवंबर से बचेली और किरंदुल परियोजनाओं में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित है। इसे देखते हुए एनएमडीसी प्रबंधन ने कर्मचारियों की उपस्थिति, अवकाश और औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर निर्देश जारी किए हैं।
प्रबंधन के आदेश के अनुसार नियमित कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों को निर्धारित पाली में ड्यूटी पर उपस्थित रहना होगा। अनुपस्थिति की स्थिति में नियमों के अनुसार वेतन कटौती या अन्य कार्रवाई हो सकती है। प्रस्तावित आंदोलन के दौरान बिना अनुमति अवकाश या आधिकारिक दौरे पर जाने की स्वीकृति नहीं दी जाएगी, हालांकि आपातकालीन चिकित्सा स्थिति को अपवाद रखा गया है।
एनएमडीसी ने औद्योगिक परिसर में चेतावनी बोर्ड लगाया है, जिसमें सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश, धरना, प्रदर्शन या भीड़ एकत्र करने पर रोक का उल्लेख किया गया है। सुरक्षा कर्मियों और अधिकारियों के कार्य में बाधा डालने, औद्योगिक कार्य रोकने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
चेतावनी बोर्ड में भारतीय न्याय संहिता 2023, सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के प्रावधानों का उल्लेख है, जिनके उल्लंघन पर कारावास या जुर्माने का प्रावधान है। इसके अलावा परिसर में विभिन्न स्थानों पर गेट बनाए गए हैं और सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
आंदोलनकारियों की मांग है कि एनएमडीसी में एल-1 और एल-2 पदों की लंबित भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए। इससे पहले बेरोजगार युवा संघ के बैनर तले बचेली चेकपोस्ट पर धरना दिया गया था, जिससे उत्पादन प्रभावित हुआ था। चौथे दिन जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ था और एक प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर में मुख्यमंत्री से मुलाकात भी की थी।
आंदोलन से जुड़े लोगों के अनुसार, मामले में समाधान न निकलने के कारण 28 नवंबर से फिर धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित किया गया है। इसमें दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के लोगों के शामिल होने तथा अन्य संगठनों व दलों से समर्थन मांगे जाने की बात कही गई है।