दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 24 नवंबर। जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक-2026 का भव्य समापन शासकीय हाईस्कूल मैदान में सोमवार को हुआ। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र से पहुंचे खिलाडिय़ों ने बेहतर प्रदर्शन किया।
स्पर्धा में विकासखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों ने जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें 489 महिला एवं 569 पुरुष खिलाडिय़ों सहित कुल 1,058 खिलाडिय़ों ने भागीदारी निभाई। प्रतियोगिताएं जूनियर एवं सीनियर महिला तथा पुरुष वर्गों में आयोजित की गईं। हॉकी एवं वेटलिफ्टिंग के लगभग 150 खिलाडिय़ों ने सीधे जिला स्तर पर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के विभिन्न खेलों में खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन दिया। जूनियर पुरुष वर्ग की तीरंदाजी में गीदम विकासखंड के भीमा मंडावी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कराते में दंतेवाड़ा विकासखंड की लक्ष्मी कश्यप ने बाजी मारी, वहीं वेटलिफ्टिंग में दंतेवाड़ा के राजकुमार परिडा ने प्रथम स्थान हासिल किया। कबड्डी एवं वॉलीबॉल में गीदम विकासखंड, खो-खो में दंतेवाड़ा एवं गीदम, फुटबॉल बालक वर्ग में कुआकोंडा एवं गीदम तथा हॉकी में गीदम विकासखंड के खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इसी प्रकार जूनियर एवं सीनियर महिला वर्ग की प्रतियोगिताओं में भी खिलाडिय़ों ने शानदार खेल कौशल दिखाया। तीरंदाजी में गीदम, कराते में दंतेवाड़ा एवं कुआकोंडा, वेटलिफ्टिंग में दंतेवाड़ा एवं गीदम, कबड्डी में गीदम, वॉलीबॉल में गीदम एवं कुआकोंडा, खो-खो में दंतेवाड़ा, फुटबॉल में गीदम एवं दंतेवाड़ा तथा हॉकी में गीदम एवं कुआकोंडा विकासखंड के खिलाडिय़ों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।
गीदम विकासखंड बना ओवरऑल चौंपियन
इस प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए गीदम विकासखंड ने कुल 173 अंक अर्जित कर ओवरऑल चौंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं 95 अंकों के साथ दंतेवाड़ा विकासखंड दूसरे स्थान पर रहा। महिला खिलाडिय़ों के बीच आयोजित रस्साकशी प्रतियोगिता भी आयोजन का विशेष आकर्षण रही, जिसमें दंतेवाड़ा विकासखंड ने प्रथम, गीदम ने द्वितीय एवं कुआकोंडा ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों एवं विजेता टीमों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, उपाध्यक्ष रमेश गावड़े समेत अफसर प्रमुख रूप से मौजूद थे।