दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 23 नवंबर। जिले में स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कटेकल्याण पुलिस ने जुआ प्रतिषेध अधिनियम के एक मामले में करीब दो साल से फरार स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना कटेकल्याण में दर्ज अपराध क्रमांक 31/2024, धारा 4 एवं 5 जुआ प्रतिषेध अधिनियम के मामले में लछिन्दर भास्कर मटेनार गमीरपारा के विरुद्ध स्थायी वारंट जारी था।
पुलिस को मुखबिर से उसके ग्राम मटेनार स्थित घर पर होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, संबंधित मामला वर्ष 2024 का है और वारंटी करीब दो साल से न्यायालय में पेश नहीं हुआ था। गिरफ्तारी के बाद उसे जेएमएफसी न्यायालय दंतेवाड़ा के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन में जिले में स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।