दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 26 नवंबर। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के क्रियान्वयन में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद नगर पालिका परिषद बड़े बचेली के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बचेली लौटने पर 25 नवंबर को नगर पालिका ठेकेदार संघ की ओर से स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ अभिनंदन किया गया तथा गौरव पथ स्थित हनुमान मंदिर के पास आतिशबाजी के बीच नगर भ्रमण किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल, उपाध्यक्ष सतीश प्रेमचंदानी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पी.टी.एम. कृष्णा राव तथा पालिका इंजीनियर संतोष नेगी और विष्णु मंडावी का स्वागत किया गया। इस अवसर पर ठेकेदार संघ के अध्यक्ष मनोज सिंह, रामनाथ नेगी, डीके वर्मा, उमेश सिंह, संघ के अन्य पदाधिकारी व सदस्य, पार्षद धनसिंह नाग, विलासिनी नाग, बीना साहू, गीतांजलि जायसवाल, सूरज जायसवाल, अन्य पार्षद, कर्मचारी और नागरिक उपस्थित थे।
ज्ञात हो कि नगर पालिका परिषद बड़े बचेली को पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन के लिए देशभर में एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में प्रथम स्थान मिला है। नगर पालिका के अनुसार, पात्र पथ विक्रेताओं को ऋण उपलब्ध कराने और डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए किए गए कार्यों के आधार पर यह स्थान प्राप्त हुआ।
नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नगर पालिका को सम्मान और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। पीएम स्वनिधि योजना का उद्देश्य शहरी पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।