दन्तेवाड़ा
बचेली/किरंदुल, 21 नवंबर। बैलाडीला की पहाडिय़ों में स्थित एनएमडीसी के डिपॉजिट-14 क्षेत्र में पहाड़ी का बड़ा हिस्सा धंसने से भारी मात्रा में मिट्टी, बजरी और मलबा नीचे की ओर खिसक आया।
घटना 18 नवंबर की है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद क्षेत्र में लाल मिट्टी और मलबे का फैलाव देखने को मिला। विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार, मलबे के खिसकने से लोहेगांव जाने वाला रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है।
घटना के बाद प्रभावित क्षेत्र की स्थिति, पहाड़ी की स्थिरता और आसपास के गांवों पर संभावित प्रभाव को लेकर निगरानी बढ़ाई गई है। ग्रामीणों की आवाजाही एवं संपर्क मार्ग प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक सतर्कता बरती जा रही है।
घटना को लेकर एनएमडीसी ने अपने आधिकारिक वक्तव्य में कहा है कि किरंदुल क्षेत्र में हाल ही में सामने आई घटना बैलाडीला पहाडिय़ों के पीछे स्थित वन क्षेत्र में प्राकृतिक कारणों से बजरी एवं मलबे के खिसकने से संबंधित है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस घटना का उसकी किसी भी प्रकार की खनन गतिविधि से संबंध नहीं है।
किरंदुल क्षेत्र में हाल ही में सामने आई घटना बैलाडीला पहाडिय़ों के पीछे स्थित वन क्षेत्र में प्राकृतिक कारणों से बजरी एवं मलबे के खिसकने से संबंधित है। एनएमडीसी ने स्पष्ट किया है कि इस घटना का कंपनी की किसी भी प्रकार की खनन गतिविधि से कोई संबंध नहीं है। इस घटना में अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा इसके अतिरिक्त, आसपास के गांवों में संपत्ति या अन्य किसी प्रकार के नुकसान की भी जानकारी सामने नहीं आई है। एनएमडीसी द्वारा स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
घटनास्थल पर जमा बजरी एवं मलबे को हटाने के लिए आवश्यक भारी मशीनरी तैनात की गई है। साथ ही, स्थानीय प्रशासन के समन्वय से घटनास्थल का निरीक्षण करने तथा घटना के कारणों एवं परिस्थितियों का विस्तृत आकलन करने के लिए विशेषज्ञों की एक टीम भी तैनात की गई है। विशेषज्ञ टीम के निरीक्षण के उपरांत विस्तृत आकलन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। एनएमडीसी ने दोहराया है कि आसपास के क्षेत्रों में निवासरत लोगों की सुरक्षा, संरक्षा एवं कल्याण कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थिति की निरंतर निगरानी करते हुए आवश्यकतानुसार सभी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।