दन्तेवाड़ा
चेक पोस्ट पर होगा अनिश्चितकालीन आंदोलन, रणनीति पर चर्चा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बचेली, 16 नवंबर। दंतेवाड़ा जिले के बचेली स्थित हॉकी ग्राउंड में रविवार को क्षेत्र की 14 ग्राम पंचायतों के युवा बेरोजगारों एवं जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनएमडीसी की एल-1 एवं एल-2 भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी और पूर्व में प्रबंधन की ओर से दिए गए आश्वासनों पर अब तक अमल नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई गई। युवाओं ने अपनी मांगों को लेकर आगे की आंदोलनात्मक रणनीति पर भी चर्चा की।
बैठक में शामिल युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि भर्ती परीक्षा की तिथि लंबे समय से घोषित नहीं होने के कारण अभ्यर्थियों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे कई युवाओं के सामने आयु सीमा समाप्त होने का खतरा भी पैदा हो रहा है। उनका कहना था कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया को लेकर कोई स्पष्ट निर्णय सामने नहीं आया है। इसी दौरान युवाओं ने एनएमडीसी की ओर से आयोजित सद्भावना क्रिकेट प्रतियोगिता को रोककर अपनी बैठक संपन्न की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि आगामी 10 दिनों के भीतर एनएमडीसी प्रबंधन भर्ती परीक्षा की तिथि घोषित नहीं करता है, तो बचेली एवं किरंदुल के चेक पोस्ट पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। युवाओं ने कहा कि आंदोलन को व्यापक रूप देने के लिए क्षेत्र के सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से सहयोग मांगा जाएगा।
युवाओं ने स्पष्ट किया कि उनकी प्रमुख मांग स्थानीय बेरोजगारों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि क्षेत्र के युवाओं को विकास कार्यों और परियोजनाओं में भागीदारी का अवसर मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक एवं तेज किया जाएगा।
आंदोलन की आगामी रूपरेखा तैयार करने के लिए 17 नवंबर को भांसी में एक और बड़ी बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसमें क्षेत्र की सभी 14 ग्राम पंचायतों के सरपंचों, जनप्रतिनिधियों तथा एल-1 एवं एल-2 भर्ती के लिए आवेदन करने वाले बेरोजगार युवाओं को शामिल होने की अपील की गई है। इस बैठक में आगे के आंदोलन की तारीख और उसकी रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।