दन्तेवाड़ा

ड्राइवरों की हड़ताल, 40 किमी पैदल साप्ताहिक बाजार पहुंचे ग्रामीण
13-Nov-2026 9:43 PM
ड्राइवरों की हड़ताल, 40 किमी पैदल साप्ताहिक बाजार पहुंचे ग्रामीण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा 13 नवम्बर। दंतेवाड़ा में ड्राइवरों की हड़ताल का खामियाजा ग्रामीण और यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।

उल्लेखनीय है कि ऑल इंडिया ड्राइवर जॉइंट कमिटी और मां दंतेश्वरी ड्राइवर कल्याण संघ के तत्वावधान में अनिश्चितकालीन स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन का बृहस्पतिवार से आगाज किया गया। वही आंदोलन का शुक्रवार को दूसरा दिन था। इस दौरान दंतेवाड़ा जिले में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों में ग्रामीणों को परेशानी से जूझना पड़ा।

विकासखंड कुआकोण्डा के ग्राम पालनार में शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार आयोजित होता है। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा वन उपज और सब्जियों का क्रय - विक्रय किया जाता है।

ड्राइवर कल्याण संघ की हड़ताल के फलस्वरूप शुक्रवार को वाहनों के पहिए थम गए। जिससे दूरस्थ गांव से पहुंचने वाले ग्रामीणों को पैदल पालनार साप्ताहिक बाजार में आना पड़ा।

ग्राम बुरगुम, पोटली नहरी और अरनपुर आदि आदि दूरस्थ गांव के ग्रामीण साप्ताहिक बाजार में पैदल पहुंचे। ग्राम अरनपुर निवासी माशा मंडावी और जोगा मंडावी ने बताया कि वे अरनपुर के पटेल पारा से पैदल पालनार पहुंचे। पालनार से अरनपुर की दूरी करीब 20 किलोमीटर है। वाहनों के अभाव में ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई।    इसी क्रम में कुआकोण्डा के अंतिम सिरे पर स्थित ग्राम बुरगुम निवासी जोगा बारसे भी पैदल साप्ताहिक बाजार पहुंचे। पालनार से बुरगुम  की दूरी करीब 40 किलोमीटर है। ग्रामीणों के मुताबिक ऐसी परेशानी कभी नहीं हुई।


अन्य पोस्ट