दन्तेवाड़ा

भक्तिमय माहौल में सम्पन्न हुई काली पूजा, भंडारा, ऑर्केस्ट्रा से बांधा समां
13-Nov-2026 9:27 PM
भक्तिमय माहौल में सम्पन्न हुई काली पूजा, भंडारा, ऑर्केस्ट्रा से बांधा समां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 13 नवंबर। लौह नगरी बचेली में मां काली पूजा का आयोजन इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर गत बुधवार को गौरव पथ मेन मार्केट स्थित हनुमान मंदिर के पास भव्य ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जगदलपुर से पहुंचे बस्तर बीट्स म्यूजिकल ग्रुप ने अपनी शानदार संगीतमय प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में गायक कलाकार वंदना पॉल और दीपक वाधवानी ने गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया।

कार्यक्रम का मंच संचालन कीर्तन राम साहू ने किया, जिन्हें बचेली में जूनियर अमिताभ के नाम से जाना जाता है। अमिताभ बच्चन के प्रशंसक कीर्तन राम साहू अपनी खास संवाद अदायगी और अंदाज में मंच संचालन के लिए नगर में अलग पहचान रखते हैं। उनकी शानदार एंकरिंग ने कार्यक्रम को और भी रोचक बना दिया।

आयोजन के अगले दिन 12 नवंबर, गुरुवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में नगरवासियों और श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे के दौरान लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं और आयोजन से जुड़े लोगों ने सेवा एवं सहयोग के साथ इस कार्यक्रम को सफल बनाया।

45 वर्षों से अधिक पुरानी है मां काली पूजा की परंपरा

गौरव पथ मेन मार्केट स्थित हनुमान मंदिर के पास आयोजित मां काली पूजा की परंपरा 45 वर्षों से भी अधिक पुरानी है। इस वर्ष भी मां काली की आकर्षक एवं भव्य प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजा पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। पूजा के दौरान लगातार भक्तों का आगमन होता रहा और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशाल भंडारे के सफल आयोजन ने एक बार फिर बचेली की धार्मिक आस्था, पुरानी परंपरा और सामाजिक एकता की खूबसूरत मिसाल पेश की।


अन्य पोस्ट