दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 12 नवम्बर। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी की व्यवस्थाओं को पुख्ता किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने धान खरीदी केंद्र, नकुलनार का गहन निरीक्षण बुधवार को किया। निरीक्षण के दौरान परिसर का क्षेत्रफल आवश्यकता के अनुरूप नहीं पाया गया। उन्होंने नकुलनार के धान खरीदी केंद्र स्थल परिवर्तन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि खरीदी प्रारंभ होने से पहले पर्याप्त मात्रा में बारदाने, धान भंडारण के लिए उचित स्थान, तौल व्यवस्था, पेयजल और छाया सहित सभी मूलभूत सुविधायें उपलब्ध कराई जाएं। जिससे किसान सुविधा पूर्वक धान विक्रय कर सकें। उन्होंनें कुआकोंडा विकासखंड अंतर्गत नकुलनार के धान खरीदी केंद्र स्थल परिवर्तन के निर्देश दिए। इस दौरान प्रबंधक, जिला सहकारी बैंक, सूरज सिंह प्रमुख रूप से मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि जिले में 15 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक कुल 16 धान खरीदी केंद्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी। इनमें अरनपुर, कटेकल्याण, केशापुर, गीदम, छिंदनार, दंतेवाड़ा, नकुलनार, फरसपाल, पालनार, बड़ेगोडरे, बड़े तुमनार, बारसूर, भांसी, मेटापाल, मोखपाल एवं समलूर शामिल हैं।