दन्तेवाड़ा

45 वर्षों से मनाई जा रही मां काली की पूजा
11-Nov-2026 10:13 PM
45 वर्षों से मनाई जा रही  मां काली की पूजा

आज विशाल भंडारे का आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 11 नवंबर। लौह नगरी बचेली में मां काली पूजा का पर्व पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। गौरव पथ मेन मार्केट स्थित हनुमान मंदिर के पास आयोजित इस पूजा की परंपरा 45 वर्षों से भी अधिक पुरानी है। दशकों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा में स्थानीय लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है।पूजा स्थल पर मां काली की बेहद आकर्षक और भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजा पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां काली की पूजा-अर्चना की जा रही है।

मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु पूजा पंडाल पहुंच रहे हैं। पूजा स्थल पर खिचड़ी प्रसाद का वितरण भी किया जा रहा है। श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर मां काली का आशीर्वाद ले रहे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

काली पूजा के अवसर पर आज 12 नवंबर, गुरूवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। 45 वर्षों से अधिक समय से चली आ रही यह परंपरा बाचेली की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। स्थानीय लोगों की आस्था, सहयोग और सहभागिता से आयोजित यह पूजा धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी दे रही है।


अन्य पोस्ट