दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 12 नवंबर। दंतेवाड़ा के दुर्गम क्षेत्रों में विकास की नई सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही हैं।
इसी कड़ी में कुआकोंडा विकासखंड के अंतर्गत बैलाडीला की पहाडियों के मध्य स्थित लावा गांव में सामुदायिक टेलीविजन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
जिला प्रशासन के निर्देशन में क्रेडा द्वारा यहां कम्युनिटी सोलर टीवी स्थापित किया गया है। इस आदिवासी गांव के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे ग्रामीण अब पहली बार अपने गांव में ही टेलीविजन से देश-दुनिया से जुड़ गए हैं।
किरंदुल के लौह खनन क्षेत्र से लगभग 8 किलोमीटर दूर स्थित लावा गांव आज भी कठिन भौगोलिक परिस्थितियों से जूझ रहा है। समय के साथ सुरक्षा बलों के प्रयासों और क्षेत्र में बेहतर सुरक्षा वातावरण बनने से अब यहां विकास कार्यों को गति मिल रही है। जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा गांव का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया जा रहा है। इसके माध्यम से उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं को समझते हुए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जा रही है।
गांव में पारंपरिक विद्युत व्यवस्था की पहुंच नहीं होने के कारण सौर ऊर्जा आधारित कम्युनिटी टीवी की स्थापना की गई है। इससे अब ग्रामीणों को समाचार, शासकीय योजनाओं, कृषि संबंधी जानकारियों और स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी मिल सकेगी। वहीं बच्चों को ज्ञानवर्धक एवं शिक्षाप्रद कार्यक्रम देखने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके सामान्य ज्ञान और सीखने की क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।