दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 29 अक्टूबर। जिला प्रशासन के तत्वावधान में बस्तर ओलंपिक - 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसके प्रथम चरण में अधिक से अधिक युवाओं को पंजीयन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिले में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिले में अब तक 70,460 खिलाडिय़ों का पंजीयन किया जा चुका है। जिसमें 46,949 महिला खिलाड़ी एवं 23,513 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं।
इसी क्रम में बुधवार को बस्तर ओलंपिक के पंजीयन के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से पंजीयन जागरूकता रथ को जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं वरिष्ठ खिलाडिय़ों की उपस्थिति में रवाना किया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम भार्गव एवं जिला खेल अधिकारी ने बताया कि जिले में विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक स्तर पर खिलाडिय़ों का पंजीयन किया जा रहा है। युवाओं को बस्तर ओलंपिक में भाग लेने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। पंजीयन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित है। बस्तर ओलंपिक के द्वितीय चरण के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय स्पधाओं के आयोजन की तैयारियों को लेकर संबंधित समितियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 4 एवं 5 नवंबर को आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
जिले में बस्तर ओलंपिक के प्रचार -प्रसार के लिए शुभंकर, होर्डिंग जागरूकता रथ एवं विभिन्न सामाजिक माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों के खेल मैदानों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को खेलों से जुडऩे तथा प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद ठाकुर, सीईओ प्रांजल प्रजापति, विकासखंड शिक्षा अधिकारी संतोष गुप्ता, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।