दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 27 अक्टूबर। दंतेवाड़ा में सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को सभी थाना क्षेत्रों में मोटरयान अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 72 प्रकरण दर्ज किए गए तथा 23,900 समन शुल्क वसूल किया गया।
बिना नंबर प्लेट के वाहनों पर 17 प्रकरणों में 5,100 का जुर्माना लगाया गया। वाहन के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर 32 प्रकरणों में 9,600 का जुर्माना लगाया गया। अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 14 प्रकरणों में 4,200 का जुर्माना लगाया गया।
दोपहिया वाहन पर तीन सवारी चलाने पर 05 प्रकरणों में 2,500 का जुर्माना लगाया गया। बिना पंजीयन के वाहन चलाने पर 01 प्रकरण में 1,000 का जुर्माना लगाया गया।
बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 2 प्रकरणों में 1,000 का जुर्माना लगाया गया। बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चलाने पर 01 प्रकरण में 500 का जुर्माना लगाया गया।