दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली/ किरंदुल, 22 अक्टूबर। एनएमडीसी कर्मचारी छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा समिति (छत्तीसगढ़ी क्लब), किरंदुल की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में ए. के. सिंह को उनके सामाजिक एवं सांस्कृतिक योगदान और संस्था के विकास में उल्लेखनीय भूमिका के लिए सम्मानित किया गया। विजयादशमी के अवसर पर आयोजित समारोह में उन्हें सम्मान-पत्र भेंटकर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।
ए. के. सिंह का किरंदुल से जुड़ाव वर्ष 1983-84 से रहा है। वर्ष 1988 में एनएमडीसी के बीआईओएम किरंदुल कॉम्प्लेक्स में कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व ही वे अपने मार्गदर्शक स्व. सुधीर सिंह के निर्देशन में सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों से जुड़ चुके थे। इसके बाद से उनकी सहभागिता निरंतर बनी रही है।
समिति की ओर से जारी सम्मान-पत्र में कम्पनी के प्रति उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा समिति के सम्मानित और सक्रिय सदस्य के रूप में संस्था के विकास में उनके कुशल मार्गदर्शन एवं अप्रतिम योगदान की सराहना की गई। साथ ही उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना भी की गई। यह सम्मान ए. के. सिंह के लंबे सामाजिक-सांस्कृतिक जुड़ाव, समर्पण और संस्था के प्रति आत्मीय संबंधों का प्रतीक रहा। ए. के. सिंह एनएमडीसी में कर्मचारी होने के साथ-साथ मेटल माइन्स वर्कर्स यूनियन की किरंदुल शाखा के सचिव तथा ऑल इंडिया एनएमडीसी फेडरेशन से भी जुड़े हुए हैं।