दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 19 अक्टूबर। नगर के गायत्री सत्संग भवन में शारदीय नवरात्र की महानवमी के अवसर पर सोमवार को हवन-पूजन, कन्या भोज और भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
नवरात्र की महानवमी पर मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां सिद्धिदात्री अपने भक्तों को सिद्धियां प्रदान करती हैं। महानवमी के दिन हवन-पूजन, कन्या पूजन और कन्या भोज का विशेष महत्व माना जाता है। इसी परंपरा के तहत गायत्री सत्संग भवन में कन्याओं को भोजन कराया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सभी के सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।