दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 19 अक्टूबर। दंतेवाड़ा प्रशासन का दिव्यांग सहायता शिविर संबंधित जनों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव की सुबह लाया। बीजापुर जिले के नक्सल पीडि़त चंद्रया की कहानी ऐसी ही है।
एक भीषण हादसे में सब कुछ छिन जाने के बाद जब संवेदनशीलता और मदद का मजबूत संबल मिलता है, तो टूटा हुआ हौसला दोबारा नई ऊर्जा के साथ जी उठता है। ऐसा ही सुखद बदलाव बीजापुर जिले के ग्राम धर्माराम निवासी चंद्रया सपका के जीवन में देखने को मिला है, जिनके लिए दंतेवाड़ा के पुलिस लाइन कारली मैदान में आयोजित दो दिवसीय विशेष दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान की नई किरण लेकर आया।
चंद्रया के जीवन में यह अंधेरा दिसंबर 2023 में उस वक्त गहराया था, जब वे रोजमर्रा की तरह चिंतावागु नदी के किनारे मछली पकडऩे निकले थे। नियति को कुछ और ही मंजूर था और रास्ते में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए बारूदी सुरंग (आईईडी) की चपेट में आने से भीषण विस्फोट हो गया। इस खौफनाक हादसे में किसी तरह उनकी जान तो बच गई, लेकिन उन्हें अपना दायां पैर हमेशा के लिए गंवाना पड़ा।
हादसे के बाद चंद्रया की जिंदगी अचानक ठहर सी गई थी। शारीरिक लाचारी और अपने छोटे-मोटे दैनिक कार्यों के लिए भी दूसरों पर निर्भर रहने की मजबूरी ने उन्हें भीतर तक तोड़ दिया था, जिससे उनके मन में जीने की इच्छा भी धीरे-धीरे समाप्त होने लगी थी। निराशा के इस दौर में विगत् 15 और 16 अक्टूबर को संपन्न दिव्यांग सहायता शिविर उनके लिए अभूतपूर्व सुविधा लाया।
शिविर में चंद्रया को नि:शुल्क उच्च गुणवत्ता का कृत्रिम पैर प्रदान किया गया, जिसने न केवल उनकी शारीरिक कमी को पूरा किया, बल्कि उनके भीतर संघर्ष करने का खोया हुआ विश्वास भी लौटा दिया।
कृत्रिम पैर के सहारे दोबारा अपने पैरों पर खड़े होते ही चंद्रया के चेहरे पर वर्षों बाद वही पुरानी मुस्कान लौट आई। भावुक होते हुए उन्होंने महसूस किया कि अब वे परिवार या समाज पर बोझ नहीं रहेंगे और बिना किसी सहारे के अपनी दिनचर्या पूरी करते हुए स्वाभिमान से जी सकेंगे।