दन्तेवाड़ा

4 महीने से रास्ते पर गिरा है नीलगिरी का पेड़, आवागमन प्रभावित
19-Oct-2026 9:44 PM
 4 महीने से रास्ते पर गिरा है नीलगिरी का पेड़, आवागमन प्रभावित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 19 अक्टूबर। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 16 स्थित चिंगड़ूपारा में पिछले चार महीनों से नीलगिरी का एक विशाल पेड़ जड़ सहित उखडक़र मार्ग पर पड़ा हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में कठिनाई हो रही है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, पूर्व में हुई तेज हवा और वर्षा के कारण गोमती सोनानी के घर के सामने यह पेड़ गिरा था। पेड़ के रास्ते पर पड़े होने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया है, साथ ही आसपास की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त होने और नाली का बहाव प्रभावित होने की शिकायत भी सामने आई है। उखड़ी हुई जड़ और नुकीले ठूंठ के कारण विशेषकर रात्रि के समय राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

वार्डवासियों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका प्रशासन को दी जा चुकी है, किंतु अब तक पेड़ को हटाने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

 नागरिकों ने नगर पालिका से मांग की है कि शीघ्र ही गिरे हुए पेड़ को हटवाकर रास्ता सुगम किया जाए तथा क्षतिग्रस्त नाली व बाउंड्री की समस्या का समाधान किया जाए।


अन्य पोस्ट