दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 16 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र के छठवें दिन बचेली की हाईटेक कॉलोनी में मां दुर्गा के छठवें स्वरूप मां कात्यायनी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। नवरात्र के अवसर पर यहां हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है, जिसे आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया गया है।
पंडाल का भव्य प्रवेश द्वार और चारों ओर की गई रोशनी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। आकर्षक विद्युत सजावट से पूरा परिसर जगमगा रहा है। पंडाल के भीतर मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है, जहां दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
नवरात्र के छठवें दिन मां कात्यायनी की आराधना के साथ धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। इस दौरान प्रसाद वितरण भी किया जा रहा है। वहीं, महिलाएं भक्ति गीतों और भजनों के माध्यम से माता की आराधना में लीन हैं, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
हाईटेक कॉलोनी में नवरात्र के आयोजन ने क्षेत्र में उत्सव और आस्था का माहौल बना दिया है। आकर्षक साज-सज्जा, धार्मिक अनुष्ठान और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पंडाल में रौनक देखने को मिल रही है।