दन्तेवाड़ा

दिव्यांग शिविर से सैकड़ों को होगा लाभ
13-Oct-2026 10:16 PM
दिव्यांग शिविर से सैकड़ों को होगा लाभ

दंतेवाड़ा, 13 अक्टूबर। दंतेवाड़ा प्रशासन द्वारा दिव्यांग सहायता शिविरों के माध्यम से संबंधित जनों को आवश्यक यंत्र प्रदान किये जा रहे हैं। इसी क्रम में दंतेवाड़ा के पुलिस लाइन कारली में 15-17 अक्टूबर तक दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग (हाथ-पैर) एवं विभिन्न सहायक उपकरण नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। शिविर के माध्यम से कुल 860 दिव्यांगजनों एवं नक्सल हिंसा पीडि़त हितग्राहियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है।

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में शिविर के सफल आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं। सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों की शिविर में उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 अक्टूबर को जिला सुकमा से लगभग 200 दिव्यांगजन एवं नक्सल हिंसा से पीडि़त 14 हितग्राही तथा जिला बीजापुर से लगभग 100 दिव्यांगजन एवं नक्सल हिंसा से पीडि़त  हितग्राही शिविर में शामिल होंगे। वहीं, 16 अक्टूबर को जिला दंतेवाड़ा के लगभग 560 दिव्यांगजन एवं नक्सल हिंसा पीडि़त हितग्राही शिविर में लाभ प्राप्त करेंगे।

शिविर में हितग्राहियों को उनकी आवश्यकतानुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


अन्य पोस्ट