दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गीदम/दंतेवाड़ा, 11 अक्टूबर। दंतेवाड़ा जिले के विद्यार्थियों ने विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित इंस्पायर अवार्ड्स मानक योजना के तहत दंतेवाड़ा के 4 विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी के लिए हुआ है। ये युवा वैज्ञानिक 12 से 15 अक्टूबर तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में देश के समक्ष अपने मॉडल प्रस्तुत करेंगे।
राज्य स्तर प्रदर्शनी व प्रोजेक्ट स्पर्धा के लिए 20 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, वहीं जिला स्तर ऑनलाइन कार्यक्रम में कुल 175 प्रोजेक्ट को स्वीकृति मिली है।
चयनित विद्यार्थी एवं उनके प्रोजेक्ट
यशवंत नाग (आस्था विद्या मंदिर इंग्लिश मीडियम स्कूल, जावंगा) - ऑल इन वन वेइंग लिफ्टिंग केरिंग मशीन
आयुष जैन (आस्था विद्या मंदिर इंग्लिश मीडियम स्कूल, जावंगा) - यूनिवर्सल इलेक्ट्रो डेस्क
अस्सो सोरी (एकलव्य मॉडल स्कूल, कटेकल्याण) - परली पड़ी स्त्राव कलेक्शन मशीन
गुलशन कुमार बरसे (शासकीय मिडिल स्कूल, बर्रेम, कुआकोंडा) - महुआ कलेक्टिंग मशीन
योजना व चयन प्रक्रिया
इस योजना के तहत विद्यार्थियों को अपने विचार के मॉडल या प्रोटोटाइप विकसित करने के लिए 10,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर एवं जिला नोडल अधिकारी अमुजुरी विश्वनाथ के मार्गदर्शन में सत्र 2023-24 और 2024-25 की जिला स्तरीय ऑनलाइन प्रदर्शनियां आयोजित की गईं, जिसके बाद चयनित प्रोजेक्ट्स ने राज्य स्तर पर प्रतिस्पर्धा की।
जिला नोडल अधिकारी इंस्पायर मानक दंतेवाड़ा अमुजुरी विश्वनाथ ने बताया कि दंतेवाड़ा जिला के लिए सत्र 2023-24 में कुल 92 नवाचार प्रोजेक्ट एवं सत्र 2024-25 में कुल 83 नवाचार प्रोजेक्ट चयन प्रक्रिया द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति मिली थी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपने आसपास की समस्याओं को पहचानने तथा उनके नए और उपयोगी समाधान खोजने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
सत्र 2023-24 के लिए इंस्पायर अवार्ड मानक राज्य स्तरीय प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश स्तर पर 33 जिलों से 213 विद्यार्थी हिस्सा लिए थे, जिसमें 20 विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुए।