दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 8 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत् ग्राम गंजेनार में मत्स्य पालन विभाग द्वारा विशेष शिविर का आयोजन गुरुवार को किया गया। शिविर में मत्स्य कृषकों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
इस दौरान बस्तर सांसद महेश कश्यप द्वारा 2 मत्स्य कृषकों को मछली पकडऩे के जाल, 2 कृषकों को फुटकर मत्स्य विक्रय के लिए आइस बॉक्स तथा 8 मत्स्य कृषकों को विभागीय टीएसपी योजना के अंतर्गत मत्स्य बीज अंगुलिका प्रदान किए गए।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी दी गई। साथ ही 12 कृषकों का राष्ट्रीय मत्स्य डिजिटल प्लेटफॉर्म (एनएफडीपी) पर पंजीयन तथा 7 कृषकों के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तैयार किए गए।
इसी क्रम में मत्स्य पालन विभाग द्वारा विकासखंड गीदम के पशु सखी एवं कृषि सखियों के लिए मछली पालन संबंधी तकनीकी उन्नयन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में 32 पशु सखी एवं कृषि सखी लाभान्वित हुईं। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को मछली पालन की उन्नत तकनीकों के साथ शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।